कौसानी में दो दिवसीय युवा शिविर का शुभारंभ, 50 युवाओं ने किया वैचारिक मंथन
कौसानी। गांधी तीर्थ जलगांव (महाराष्ट्र) और लक्ष्मी आश्रम कौसानी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय युवा शिविर का शुभारंभ हुआ। युवाओं के इस वैचारिक मिलन में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के कुल 50 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
शिविर का उद्घाटन लक्ष्मी आश्रम की संचालिका पद्मश्री राधा भट्ट ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जीवन में श्रम और पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा ही समाज का भविष्य हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आज के दौर में युवाओं को इंटरनेट और मोबाइल फोन के मकड़जाल से बाहर निकलकर सामूहिक विचार-विमर्श और संवाद करने की सख्त आवश्यकता है।
आदर्श समाज और विकास पर हुई गहन चर्चा
शिविर के प्रथम दिवस के सत्र में जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण घटकों पर विचार-मंथन किया गया। प्रतिभागियों के बीच ‘विकास क्या है?’, ‘पर्यावरण का वास्तविक अर्थ क्या है?’, ‘जीवन में क्या जरूरी है?’ और ‘एक आदर्श समाज की परिकल्पना कैसी हो?’ जैसे गंभीर सवालों पर गहन चर्चा हुई।
इन संस्थानों के प्रतिभागी रहे शामिल
शिविर में आस्तमुनी बीएड कॉलेज, चौखुटिया महाविद्यालय, सुमित्रानंदन पंत महाविद्यालय गरुड़ और लक्ष्मी आश्रम कौसानी के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में सुगमकर्ता (फैसिलिटेटर) की भूमिका डॉ. अश्वेंद्र झाला, निर्मला, मोज भाई, देवयानी और नीमा वैष्णव ने निभाई। इस दौरान डॉ. सुनील भट्ट, गोपाल भाई, संजय पाठक और विपिन जोशी सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।



















