– गरुड़ के नर्गवाड़ी में खूनी वारदात, चाचा-चाची की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या, बहू गंभीर घायल
– आरोपी भतीजा वारदात के बाद फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गठित की चार टीमें
गरुड़ (बागेश्वर)। गरुड़ तहसील के ग्राम नर्गवाड़ी में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही सगे चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। हमले में घर में मौजूद मृतक दंपती की बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। दोहरे हत्याकांड की घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
कोतवाल कैलाश नेगी के अनुसार, रविवार देर रात ग्राम नर्गवाड़ी निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया पुत्र मथुरा दत्त खोलिया ने अपने सगे चाचा पूरन चंद्र खोलिया (58) और चाची भगवती देवी (54) पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान घर में मौजूद उनकी बहू दया खोलिया पत्नी नवीन खोलिया बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने आपातकालीन सेवा 112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र खोलिया और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दया खोलिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद से आरोपी गोविंद बल्लभ फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या और बहू के गंभीर रूप से घायल होने की घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
















