Home » जीवन शैली » तैलिहाट में घास के लूटे जले : विपिन जोशी

तैलिहाट में घास के लूटे जले : विपिन जोशी

दीवाली की खुशियों के बीच तैलिहाट गांव में हुआ हादसा हर किसी को झकझोर देने वाला है। महिला किसानों की महीनों की मेहनत और पशुओं के लिए सर्दियों का सहारा पल भर में राख हो गया। 

दीवाली की आतिशबाजी बनी आफत: तैलिहाट गांव में जले पशुओं के चारे के ढेर, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

तैलिहाट (गरुड़ )

दीपावली का पावन पर्व जहाँ एक ओर रोशनी और उल्लास लेकर आता है, वहीं तैलिहाट गाँव में जरा सी लापरवाही ने कई परिवारों की महीनों की मेहनत को पल भर में स्वाहा कर दिया। दीपावली की रात जब पूरा गाँव आतिशबाजी के जश्न में डूबा था, तभी गाँव के बीचों-बीच एक दर्दनाक घटना ने खुशियों को दुख में बदल दिया।

गाँव के स्व शिव सिंह काला, महेश काला और आनंद क्षत्रिय के घरों के पीछे रखे घास के पराल (चारा पत्ती) के ढेरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और स्व. शिव सिंह काला, महेश काला व आनंद क्षत्रिय के करीब आठ पराल के लूटे जलकर खाक हो गए।

पहाड़ी क्षेत्रों में पशुओं के लिए चारा पत्ती ही कृषि आधारित जीवन का मुख्य आधार होती है। ग्रामीण महिलाओं का पूरा असोज का महीना इस बहुमूल्य चारे को सहेजने और एकत्र करने में बीतता है। जब वही चारा आँखों के सामने जलकर राख हो जाता है, तो उन मेहनतकश महिला किसानों पर क्या बीतती होगी, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है। अपने आशियाने और पशुओं के चारे को बचाने के लिए कुछ किसान तो जलते हुए पराल के ढेरों पर चढ़कर घास के पूलों को अलग करने लगे, ताकि आग और आगे न फैले।

सड़क न होने से नहीं पहुँच पाई फायर ब्रिगेड

गनीमत यह रही कि गाँववालों ने घबराने के बजाय अनुशासित और साहसी रुख अपनाया। लोगों ने देर रात तक अपने घरों के वाटर टैंक और पाइपों की मदद से पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस दौरान वन विभाग के दो कार्मिक भी मौके पर पहुँचे।

ग्रामीणों ने इस बात पर भी गहरा रोष जताया कि गाँव सड़क सुविधा से न जुड़ा होने के कारण समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुँच सकी। यदि गॉव सड़क से जुड़ा होता तो समय पर सहायता मिल जाती, और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। हालांकि, ग्रामीणों की आपसी सजगता और एकजुटता के चलते एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और आग आसपास के रिहायशी मकानों तक नहीं पहुँच पाई।

जनप्रतिनिधियों की अपील: “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”

इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने आम जनमानस से संवेदनशीलता और सावधानी बरतने की अपील की है:

* क्षेत्र पंचायत सदस्य, दयाल काला ने त्योहारों के दौरान बच्चों और युवाओं को आतिशबाजी करते समय विशेष निगरानी रखने की बात कही है।

* ग्राम प्रधान, पूजा मेहरा ने सूखे चारे और ज्वलनशील पदार्थों के पास पटाखे न चलाने का अनुरोध किया है।

* सरपंच, कैलाश मेहरा ने अपील करते हुए कहा कि पर्व की खुशी मनाएं, लेकिन सुरक्षा को ताक पर न रखें; जरा सी चूक भारी नुकसान का सबब बन सकती है।

यह घटना हमें चेतावनी देती है कि दीवाली जैसे पर्व पर उल्लास के साथ-साथ पैनी नजर और सतर्कता बेहद जरूरी है, ताकि किसी किसान की मेहनत और पशुओं का निवाला इस तरह आग की भेंट न चढ़े।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *