पूर्व सीएम के गांव तक नहीं पहुंचा प्रशासन, ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर बनाया 16 मीटर लंबा लकड़ी का पुल
बागेश्वर: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के पैतृक गांव के पास रामगंगा नदी पर प्रशासन की बेरुखी और व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। सरकारी मदद का लंबा इंतजार करने के बाद आखिरकार ग्रामीणों ने खुद अपनी कमर कस ली और श्रमदान कर नदी पर 16 मीटर लंबा लकड़ी का अस्थायी पुल तैयार कर डाला। इस पहल से दो जिलों की राह अब आसान हो गई है।
6 किलोमीटर का लंबा फेरा घटा, मिली बड़ी राहत
बागेश्वर जिले के सीमांत क्षेत्र में स्थित पालंधुरा, कनीली, भकुना समेत आसपास के गांवों के लोगों को रामगंगा नदी पर स्थायी पुल न होने के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कालापिर कपड़ी ग्राम पंचायत के इन ग्रामीणों को नदी पार करने के लिए 6 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटना पड़ता था।
ग्रामीणों ने खुदजुटकर दो दिन तक लगातार श्रमदान किया और जंगल के पेड़ों की लकड़ियों व पट्टों से 16 मीटर लंबा और दो फीट चौड़ा अस्थायी पैदल पुल तैयार कर दिया। इस पुल के बनने से अब नदी पार करने में सिर्फ 10 मिनट का समय लगेगा, जबकि पहले इसके लिए भारी फेरबदल करना पड़ता था।
प्रशासन की नाकामी और ग्रामीणों की जीवटता
- स्थानीय लोगों की दुर्दशा: इस क्षेत्र के लोग, विशेषकर नाची और तेजम के इंटर कॉलेजों में पढ़ने वाले करीब 15 बच्चे, महिलाएं और बीमार लोग इसी रास्ते से आते-जाते हैं। पुल न होने के कारण गर्भवती महिलाओं और बीमारों को अस्पताल ले जाने में जान जोखिम में डालनी पड़ती थी।
- सरकारी दावों की पोल: यह पूरा क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का गृह क्षेत्र है, इसके बावजूद यहां आसपास के इलाकों में विकास और बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है।
- अधिकारियों का आश्वासन: हालांकि, लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के विश्व बैंक कपकोट शाखा के अवर अभियंता चिन्मय सिंह ने बताया कि भकुना-नाची खुले पुल के लिए 23.38 करोड़ की प्रारंभिक डीपीआर तैयार कर ली गई है और विश्व बैंक परियोजना के तहत टेंडर हो चुके हैं, जल्द ही काम शुरू होगा। लेकिन जब तक प्रशासनिक अमला जागा नहीं, तब तक ग्रामीणों ने खुद ही अपनी तकदीर लिख दी।

















