लापता युवक का 6 दिन बाद भी सुराग नहीं, नदी-नालों में SDRF की छानबीन, 50 CCTV फुटेज खंगाले चौखुटिया (अल्मोड़ा)। ग्राम पंचायत हाट निवासी जय प्रकाश (पुत्र कुंवर राम) बीती 7 सितंबर से लापता हैं। छह दिन बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। युवक की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।शुक्रवार को पुलिस टीम ने परिजनों के साथ मिलकर आसपास के नदी-नालों, झाड़ियों और अन्य संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, देर तक खोजबीन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
50 CCTV फुटेज खंगाले
पुलिस ने अब तक करीब 50 CCTV फुटेज खंगाले हैं। इनमें युवक की अंतिम लोकेशन खीरचौरा मंदिर से नीचे की ओर अकेले जाते हुए दिखाई दी है। इसके बाद युवक की कोई अन्य गतिविधि CCTV में दर्ज नहीं हुई।बैंक और कॉल डिटेल की जांच
पुलिस ने मामले की तकनीकी जांच भी तेज कर दी है। युवक की बैंक डिटेल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) मंगाए गए हैं। इनकी रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सार्वजनिक स्थानों पर लगाए पोस्टर
युवक की तलाश को व्यापक बनाने के लिए पुलिस ने बस अड्डों, टैक्सी स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर व पंपलेट चस्पा किए हैं। लोगों से भी युवक के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।
अधिकारियों के निर्देशन में जारी है तलाश
जांच अधिकारी दीवान कोरंगा के अनुसार, एसएसपी, सीओ और कोतवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। युवक की बरामदगी के लिए सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
















