विपिन जोशी //
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का आज अंतिम दौर है . दूसरे चरण के मतदान के बाद 31 जुलाई को मतगणना सम्पन्न होगी और परिणाम घोषित किये जाएँगे . गरुड़ ब्लॉक में 6 जिला पंचायत शीटों पर खूब घमासान हुआ. जानकारों की मानें तो इस बार स्वतंत्र उम्मीदवार गरुड़ की दो शीटों में परिणामों में उलट फेर कर सकते हैं . दोनों राष्ट्रीय दलों को परेशान करने वाले स्वतंत्र उम्मीदवारों का उत्साह देखने लायक था. इन्होंने पूरे दमखम से चुनाव लड़ा और अब चुनाव के बाद वे छोटे समूह में लगातार बात चीत कर आंकड़ों को समझने की कोशिश भी कर रहे हैं.
क्या रहे मुद्दे ? विकास के मुद्दे तो वही जाने पहचाने थे प्रत्याशियों ने विकास के पारंपरिक मुद्दों की बात की , सूत्रों की मानें तो इस बार शराब और पैसा भी अन्य वर्षों की तुलना में अधिक खर्च हुआ .
सड़क, गांव के रास्ते , अवैध खनन, शराब , सोलर लाइट, स्कूल भवन, प्रधान मंत्री आवास योजना, पेयजल , स्वास्थ्य जैसे मुद्दे लगभग सभी प्रत्याशियों की जुबान पर थे .
फ़िलहाल, अणा, दुदिला, मन्युडा जिला पंचायत शीट पर सबकी नजर है . दावों और अनुमानों में छह में से चार शीट बीजेपी एक कांग्रेस और एक निर्दलीय की आती दिख रही है . कौसानी जिला पंचायत शीट में मुख्य मुकाबला कांग्रेस समर्थित बबलू नेगी और बीजेपी समर्थित प्रत्याशी में तय था लेकिन स्वतंत्र प्रत्याशी रवि गढ़िया ने दोनों प्रत्याशियों को खूब दौड़ाया अब इस शीट पर त्रिकोणीय मुक़ाबले में बबलू नेगी को बढ़त मिलती दिख रही है . दुदिला शीट पर बीजेपी और कांग्रेस की मुश्किलें स्वतंत्र प्रत्याशी हीरा नेगी ने बढ़ा दी तो अणा शीट का तापमान स्वतंत्र प्रत्याशी भास्कर बोरा ने बढ़ाया लेकिन सूत्रों की माने तो रेस में बीजेपी समर्थित प्रत्याशी सुनील दोसास्द फिलहाल आगे दिख रहे हैं. वज्यूला और पिंगलो जिला पंचायत शीट से बीजेपी अपने प्रत्याशियों की जीत लगभग स्पष्ट कर चुकी है .
जिला पंचायत के साथ क्षेत्र पंचायत शीटों पर भी मुकाबला रोचक रहा है. घेटी भीलकोट क्षेत्र पंचायत शीट पर जहाँ मनोज शाह जीत की और अग्रसर दिख रहे हैं तो वहीं हरिनगरी शीट से लक्ष्मण आर्या जीत की रेस में एक कदम आगे दिख रहे हैं . कांग्रेस के कद्दावर नेता डी पी सिरकोट क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य की रेस में जीत की ओर अग्रसर दिख रहे हैं कोई बड़ा उलट फेर न हुआ तो उनकी जीत लगभग तय है .
अक्सर अनुमान ग़लत या विपरीत भी होते हैं फ़ाइनल परिणाम के लिए दो दिन और इंतज़ार करना होगा . उक्त विश्लेषण में बीजेपी, कांग्रेस के विश्लेषक नेताओं सहित वरिष्ठ पत्रकार और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिको की राय शामिल है .





