दीपावली के ठीक अगले दिन मनाए जाने वाला गोवर्धन पूजा का पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रति अटूट प्रेम और कृतज्ञता का प्रतीक है। यह त्योहार केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह हमें यह सिखाता है कि हमारा जीवन और हमारी आजीविका सीधे तौर पर पर्यावरण और प्रकृति से जुड़ी हुई है। दीपावली के उल्लास, दीपों की रोशनी और मिष्ठान के दौर के तुरंत बाद आने वाला यह पर्व उत्सव के माहौल को एक नया और गहरा आयाम देता है।
दीपावली से गोवर्धन पूजा का सूत्र
दीपावली का पावन पर्व अंधकार पर प्रकाश की विजय, असत्य पर सत्य की और धन की देवी लक्ष्मी के स्वागत का उत्सव है। हम अपने घरों को दीपों से सजाते हैं, माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
लेकिन भारतीय सनातन परंपरा में समृद्धि का अर्थ केवल धन-धान्य तक सीमित नहीं है, बल्कि उन प्राकृतिक संसाधनों के प्रति आभार व्यक्त करना भी है जिनके बिना जीवन की कल्पना असंभव है। दीपावली के ठीक अगले दिन गोवर्धन पूजा का आयोजन इसी संतुलन को दर्शाता है। जहाँ दीपावली हमें आत्मिक और भौतिक प्रकाश का संदेश देती है, वहीं गोवर्धन पूजा हमें यह याद दिलाती है कि हमारी भौतिक और जैविक ऊर्जा का वास्तविक स्रोत गोवर्धन पर्वत यानी हमारी प्रकृति है।
ऐतिहासिक प्रसंग और कथा
गोवर्धन पूजा के इतिहास की जड़ें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी हुई हैं। पौराणिक कथा के अनुसार, ब्रजवासी हर वर्ष देवराज इंद्र को प्रसन्न करने के लिए एक बड़े उत्सव का आयोजन करते थे और उन्हें अन्न-कूट का भोग लगाते थे।
बाल्यकाल में भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों से तर्क किया कि इंद्र तो सिर्फ वर्षा करते हैं, जबकि असली पूजा गोवर्धन पर्वत की होनी चाहिए जो हमें आश्रय, जड़ी-बूटियाँ, और हमारी गायों को चारा और जीवनदायिनी संपदा प्रदान करता है। श्रीकृष्ण के कहने पर ब्रजवासियों ने इंद्र के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा शुरू कर दी।
इससे क्रोधित होकर देवराज इंद्र ने मूसलाधार बारिश और प्रलयकारी मेघों से ब्रज को डुबोने का प्रयास किया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत को उठाकर समस्त ब्रजवासियों और पशुओं की रक्षा की थी। अहंकार और कर्तव्य का यह प्रसंग हमें सिखाता है कि प्रकृति हमारे जीवन का आधार है, किसी राजा या देवता की कृपा का मोहताज नहीं। तभी से गोवर्धन पर्वत को अन्नकूट का भोग लगाकर पूजने की परंपरा आरंभ हुई।
आज भी गोवर्धन पूजा के दिन गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसकी पूजा की जाती है। इस दिन गोधन यानी गायों की सेवा और उनकी पूजा का विशेष महत्व है, क्योंकि गायें भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और संस्कृति की रीढ़ रही हैं।
घरों और मंदिरों में छप्पन भोग और अन्नकूट का प्रसाद तैयार किया जाता है, जिसे भगवान को अर्पित करने के बाद मिल-बांटकर ग्रहण किया जाता है। यह पर्व समाज में एकजुटता, आपसी भाईचारे और सहकारिता की भावना को मजबूत करता है।
दीपावली के बाद का यह गोवर्धन पर्व हमें आधुनिक समय में यह संदेश देता है कि विकास की अंधी दौड़ में हमें प्रकृति और पर्यावरण को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। गोवर्धन पूजा का इतिहास हमें यह सिखाता है कि हमारी असली पूजा प्रकृति का संरक्षण है।
— विपिन जोशी
सम्पादक, स्वर स्वतंत्र















