- पढ़ाई के साथ खेल और प्रतिभा को बढ़ावा, बागेश्वर के स्कूलों के मेधावी बच्चों ने बढ़ाया मान
विपिन जोशी, स्वर स्वतंत्र
बागेश्वर। पहाड़ के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभा लगातार सामने आ रही है। शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में बच्चों को प्रोत्साहित करने की दिशा में विद्यालयों की पहल उत्साहजनक है। इसी कड़ी में राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलों, राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बन्तोली और राजकीय जूनियर हाईस्कूल रौल्याना के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।
पिंगलों के चार बच्चों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए चयन
राजकीय जूनियर हाईस्कूल पिंगलों के चार विद्यार्थियों भाविक, नमन, मनीष और रिषभ का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है।
प्रधानाध्यापक सुरेश सती ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय में सम्मानित किया गया। विद्यालय के लिए यह विशेष उपलब्धि है कि अब तक यहां से 15 विद्यार्थियों का चयन इस छात्रवृत्ति के लिए हो चुका है।
कंप्यूटर प्रशिक्षिका ममता गोस्वामी ने अवकाश के दिनों में बच्चों की तैयारी कराई। बच्चों की इस उपलब्धि पर एसएमसी अध्यक्ष बबली बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनिया देवी, जिला पंचायत सदस्य शारदा देवी, ग्राम प्रधान दान सिंह फस्वार्ण तथा शिक्षक उषा पाठक और नरेन्द्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को बधाई दी।
बन्तोली के पांच विद्यार्थियों का चयन
राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज बन्तोली, बागेश्वर के भी पांच विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों में आरती गोस्वामी, अनिल नाथ, अंकित, मोहित राना और सोनाक्षी शर्मा शामिल हैं।
विद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गुड़िया फर्स्वाण की सफलता पर विद्यालय में खुशी
राजकीय जूनियर हाईस्कूल रौल्याना की प्रतिभावान छात्रा गुड़िया फर्स्वाण का चयन मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति योजना 2026 के लिए हुआ है। विद्यालय के अनुसार चयनित छात्रा को ₹600 प्रतिमाह छात्रवृत्ति मिलेगी।
चयन पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताई। शिक्षक दीपक पाण्डेय और भाष्कर पन्त ने छात्रा को मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के महामंत्री नीरज पंत, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह बोरा, शिक्षक दीपक पाण्डेय, भाष्कर पन्त, सोनू गोस्वामी और गंगा देवी सहित अन्य लोगों ने गुड़िया को बधाई दी।
खेलों में भी प्रतिभाओं को मिल रहा प्रोत्साहन
उत्तराखंड में पढ़ाई के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना संचालित है। खेल विभाग के अनुसार 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के उदीयमान खिलाड़ियों का चयन बैटरी टेस्ट और निर्धारित दक्षता के आधार पर किया जाता है। चयनित खिलाड़ियों को ₹1,500 प्रतिमाह छात्रवृत्ति देने का प्रावधान है। प्रत्येक जनपद से 150-150 बालक-बालिकाओं सहित प्रतिवर्ष कुल 3,900 खिलाड़ियों को योजना का लाभ दिया जाता है।
वहीं 14 से 23 वर्ष आयु के खिलाड़ियों के लिए खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में ₹2,000 प्रतिमाह तथा वर्ष में एक बार खेल उपकरण खरीदने के लिए ₹10,000 देने का प्रावधान है। चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाता है।
सरकार की इन योजनाओं के साथ यदि विद्यालय स्तर पर नियमित खेल अभ्यास, बेहतर मैदान और प्रशिक्षण की सुविधाएं मिलें, तो पहाड़ के गांवों से निकलने वाली प्रतिभाएं राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती हैं। उत्तराखंड खेल विभाग का उद्देश्य भी उदीयमान खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
स्वर स्वतंत्र की अपील— पढ़ाई हो या खेल, हर प्रतिभा को अवसर दें। बच्चों का उत्साह बढ़ाएं, उन्हें आगे बढ़ने का मंच दें।



















