पिथौरागढ़: नन्ही परी को न्याय दिलाने के लिए 29 नवंबर को होगी महापंचायत, चरणबद्ध आंदोलन का होगा ऐलान
पिथौरागढ़। नन्ही परी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन एक बार फिर तेज होने जा रहा है। आगामी 29 नवंबर को पिथौरागढ़ में विभिन्न जन संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की एक बड़ी महापंचायत बुलाई गई है। इस महापंचायत में आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने की रणनीति पर मंथन होगा और चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा घोषित की जाएगी।
नन्ही परी के ताऊ तारा चंद ने बताया कि बीते 20 नवंबर को आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान पिथौरागढ़ सहित हल्द्वानी और देहरादून की जनता से मिले व्यापक समर्थन ने परिवार को न्याय की लड़ाई जारी रखने का हौसला दिया है। इसी क्रम में आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 29 नवंबर को पंडा (पिथौरागढ़) स्थित नन्ही परी के पिता महेश चंद के आवास पर महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई न होने से परिवार में रोष
पीड़ित परिवार ने मामले में हो रही देरी पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। तारा चंद ने कहा कि पिछले वर्ष हुए जनांदोलन के बाद राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल की थी, लेकिन विडंबना यह है कि आज तक इस याचिका पर सुनवाई के लिए एक तारीख भी तय नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नन्ही परी के दोषी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो रही है।
अब जनता की अदालत में जाएगा पीड़ित परिवार
परिवार का कहना है कि न्याय में हो रही देरी से निराश होकर उन्होंने अब ‘जनता की अदालत’ में जाने का फैसला किया है। महापंचायत में आपसी विचार-विमर्श के बाद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाने की घोषणा की जाएगी। परिवार ने उम्मीद जताई है कि उत्तराखंड की जनता उन्हें अंतिम न्याय दिलाने के लिए आगे आएगी।
उन्होंने सीमांत जिले के सभी सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे 29 नवंबर को आयोजित होने वाली इस महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पीड़ित परिवार को संबल प्रदान करें।
विपिन जोशी, स्वर स्वतंत्र


















