Home » बड़ी खबर » नीट पेपर लीक बैजनाथ में पुतला दहन

नीट पेपर लीक बैजनाथ में पुतला दहन

विपिन जोशी
नीट पेपर लीक: गरुड़ में कांग्रेस और NSUI का उग्र प्रदर्शन, सरकार का पुतला फूंका
गरुड़ (बागेश्वर)। देश भर में तूल पकड़ रहे नीट (NEET) पेपर लीक मामले की आंच अब उत्तराखंड के गरुड़ तक पहुंच गई है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों को इंसाफ दिलाने की मांग के साथ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बैजनाथ-ग्वालदम तिराहे पर राज्य और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार का पुतला दहन किया।
“मध्यम वर्गीय परिवारों और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़”
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरुड़ के अध्यक्ष नरेन्द्र बिष्ट ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा: “नीट जैसी कठिन परीक्षा की तैयारी करने में छात्रों का कीमती समय और ऊर्जा खपती है। ऐन मौके पर पेपर लीक होने से मध्यम वर्गीय परिवार के छात्रों और उनके अभिभावकों को गहरा आघात पहुंचा है। सरकार को तुरंत इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देनी होगी। देश भर में सक्रिय पेपर लीक गिरोह का भांडा फूटना अब बेहद जरूरी हो गया है।

नीट परीक्षा लीक की आँच पहुँची गरुड़
नीट परीक्षा लीक की आँच पहुँची गरुड़ कांग्रेस ने किया पुतला दहन

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और NSUI नेताओं ने देश में लगातार हो रहे पेपर लीक के आंकड़ों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
विशाल फर्स्वाण ने व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले एक दशक में देश के भीतर विभिन्न स्तरों पर दर्जनों सरकारी और पात्रता परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। उन्होंने पूछा, “आखिर और कितने पेपर लीक होंगे? छात्र आज सरकार से यह सीधा सवाल पूछना चाहते हैं।”मानसिक तनाव और आत्महत्याएं: फर्स्वाण ने कोटा (राजस्थान) की दर्दनाक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में वहां दो छात्रों ने आत्महत्या कर ली। एक छात्र भारी मानसिक दबाव झेलकर नीट की परीक्षा तक पहुंचता है, ऐसे में यदि दोबारा पेपर लीक हुआ तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? इस लचर व्यवस्था में जवाबदेह कौन है?
NSUI के ब्लॉक अध्यक्ष भानु रावत ने कहा कि सरकार छात्र हित और रोजगार को लेकर पूरी तरह असंवेदनशील है। पिछले 10 सालों में लीक हुए पेपरों की सूची इस बात का प्रमाण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इन पेपर लीक गिरोहों के असली सरगनाओं को सजा कब मिलेगी?
प्रदर्शन में ये रहे मुख्य रूप से मौजूद
पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं महेन्द्र सिंह रावत (ब्लॉक अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस गरुड़),नरेन्द्र सिंह बिष्ट (ब्लॉक अध्यक्ष, गरुड़ कांग्रेस) भानु रावत (ब्लॉक अध्यक्ष, NSUI गरुड़) दिवाकर तिवारी (जिला महासचिव, NSUI), अनिल कुमार, दीपक कोहली, विशाल फर्स्वाण, एस. पी. सिंह, मोहन सिंह, भुवन सिंह बिष्ट, जितेन्द्र सिंह बिष्ट, हरीश जीना, लक्ष्मण कुमार आर्य और प्रकाश चंद्र आर्या।
आंदोलनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि नीट पेपर लीक मामले में जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो इस आंदोलन को पूरे जिले और प्रदेश स्तर पर और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *