विपिन जोशी
गरुड़: अयारतोली वन पंचायत में भड़की आग,आबादी क्षेत्र तक पहुँचने से पहले पाया गया काबू
गरुड़ (बागेश्वर):फायर सीजन की शुरुआत के साथ ही जंगलों के धधकने का सिलसिला शुरू हो गया है। ताजा मामला गरुड़ के अयारतोली वन पंचायत का है, जहाँ रविवार दोपहर सड़क के समीप अचानक आग भड़क उठी। सूखी घास और हवा के कारण आग देखते ही देखते ग्रामीण एस.पी.सिंह के आवास तक पहुँच गई,जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तत्परता से टला बड़ा हादसा
ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद वन विभाग और अग्निशमन (फायर स्टेशन) की टीम मौके पर पहुँची। स्थानीय ग्रामीणों और विभाग की मुस्तैदी से आग को घरों तक पहुँचने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया।
खबर मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट भी घटनास्थल पर पहुँचे और आग बुझाने में हाथ बँटाया। बिष्ट ने बताया कि आग की विकरालता को देखते हुए तत्काल रेंजर, फायर स्टेशन और स्थानीय थाने को सूचित किया गया, जिससे समय रहते बचाव कार्य शुरू हो सका।

वन विभाग की अपील: वनों को बचाना सबकी जिम्मेदारी
वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) प्रदीप कांडपाल ने बताया कि टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद अयारतोली की आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा:
“आगामी दो माह वनाग्नि की दृष्टि से बेहद संवेदनशील हैं। वनों को बचाना केवल विभाग की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
प्रमुख बिंदु और चेतावनी रेंजर कांडपाल ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति वनों में आग लगाने वाले शरारती तत्वों की सूचना विभाग को देता है, तो उसे उचित सम्मान और पुरस्कार दिया जाएगा।
सतर्कता जरूरी: अप्रैल में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश ने कुछ समय के लिए राहत जरूर दी थी, लेकिन तापमान बढ़ते ही जंगलों के प्रति लापरवाही भारी पड़ सकती है।
वनों को आग से बचाएं, पर्यावरण को सुरक्षित बनाएं।


















