खौफनाक: कपकोट के जंगलों में मिला नरकंकाल,क्या है मामला? एक साल पुराने रहस्य से उठेगा पर्दा?
कपकोट (बागेश्वर): पहाड़ों की शांत वादियों में उस वक्त ‘त्राहिमाम’ मच गया, जब तहसील कपकोट के अंतर्गत ग्रामसभा खर्ककानातोली के घने जंगलों में एक मानव कंकाल मिलने की खबर फैली। हड्डियों का यह ढेर और बिखरी हुई खोपड़ी चीख-चीख कर किसी अनहोनी की दास्तां बयां कर रही है।
फरवरी 2025 से लापता था बुजुर्ग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कंकाल खर्ककानातोली निवासी 72 वर्षीय शेर सिंह (पुत्र दान सिंह) का होने की प्रबल आशंका है। शेर सिंह 1 फरवरी 2025 को अचानक लापता हो गए थे। परिवार में कोई और सदस्य न होने के कारण उनके भतीजे ने कपकोट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि शेर सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।
कपड़ों ने खोली पहचान की कड़ी
सूचना मिलते ही कपकोट पुलिस, ग्रामीणों और वादी (भतीजे) के साथ जंगल के दुर्गम इलाके में पहुँची। मौके का मंजर बेहद भयावह था, जंगल में कपड़ों के बीच फंसी अस्थियां और पास ही पड़ी खोपड़ी मिली। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने कपड़ों को देखकर पहचान की कि यह शव शेर सिंह का ही है।
पुलिस ने तत्काल पंचनामे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस की फाइलों में दर्ज था मामला
आपको बता दें कि इस मामले में कपकोट
थाने में पहले से ही **FIR No. 10/2025 (धारा 140(3) BNS)** दर्ज है। पुलिस और परिजन पिछले एक साल से शेर सिंह की तलाश कर रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
बड़ा सवाल: क्या यह महज एक मानसिक रूप से बीमार बुजुर्ग की भटकने से हुई मौत है, या इन घने जंगलों के बीच कोई गहरा अपराध छिपा है? पुलिस अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के जरिए मौत के असली कारणों का पता लगाने में जुट गई है।
विपिन जोशी


















