Home » बड़ी खबर » बृहद रोजगार मेला 19 फरवरी को गरुड़ में

बृहद रोजगार मेला 19 फरवरी को गरुड़ में

बागेश्वर, 18 फरवरी, 2026 (सूचना विभाग)

*एक दिवसीय बृहद रोजगार मेला 19 फरवरी को गरुड़ में आयोजित*

कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड के तत्वावधान में जिला सेवायोजन कार्यालय, बागेश्वर द्वारा 19 फरवरी 2026 (गुरुवार) को प्रातः 10:00 बजे से राजकीय महाविद्यालय, गरुड़ में एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

मेले में प्रदेश एवं देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियाँ प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों के लिए युवाओं का चयन करेंगी। इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक एवं बी.टेक योग्यता धारक अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहेंगे।

मेले में भाग लेने वाली प्रमुख कंपनियों में टाटा स्ट्राइव, यजाकी इंडिया प्रा. लि., एलआईसी, बजाज कैपिटल इंश्योरेंस ब्रोकिंग लि., पुखराज हेल्थकेयर प्रा. लि., संसेरा इंजीनियरिंग, औरो वीविंग मिल्स, अधिर हाई-टेक प्रा. लि., महिंद्रा एंड महिंद्रा लि., क्वेस कॉर्प लि., युवा शक्ति फाउंडेशन, लर्नर्न प्रा. लि., आस्थाज्योति इंफो एंड प्लेसमेंट सर्विस, स्किलजडेस्क प्रा. लि. तथा एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।

मेले के माध्यम से विभिन्न पदों जैसे सीनियर असिस्टेंट, वर्कर, सेल्स एवं मार्केटिंग, टेली कॉलर, वेलनेस एडवाइजर, अप्रेंटिस ट्रेनी, मशीन ऑपरेटर, वेयरहाउस एग्जीक्यूटिव, लॉजिस्टिक सुपरवाइजर, डेवलपमेंट मैनेजर आदि पर नियुक्ति की जाएगी।

आयु सीमा सामान्यतः 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि कुछ पदों के लिए आयु सीमा में आंशिक भिन्नता रहेगी। नियुक्ति स्थल उत्तराखण्ड के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ पंतनगर, रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, देहरादून, दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, सोलन (हिमाचल प्रदेश) आदि स्थान रहेंगे।

मेले में महिला एवं पुरुष दोनों अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियाँ, बायोडाटा तथा पासपोर्ट आकार के फोटो अवश्य लाएँ।

अधिक जानकारी हेतु अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, बागेश्वर से दूरभाष संख्या 05963-220110 एवं 9927856801 पर संपर्क कर सकते हैं।

इस बृहद रोजगार मेले में प्रतिभाग पूर्णतः निःशुल्क है। जिले के अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों से अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

जिला सूचना अधिकारी,
बागेश्वर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *