विपिन जोशी.
जंगलों में लगातार लग रही आग को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला.

गरुड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने क्षेत्र में बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं और उससे वन संपदा, वन्यजीवों तथा स्थानीय गांवों पर पड़ रहे प्रभाव पर गहरी चिंता जताई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गरुड़ के अध्यक्ष गिरीश कोरंगा (एडवोकेट) के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कानूनगो के माध्यम से जिलाधिकारी बागेश्वर को ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में कहा गया है कि जंगलों में सर्दियों के मौसम में भी आग की घटनाएं तेज़ी से बढ़ रही हैं, जिससे वनस्पति नष्ट हो रही है और जंगली जानवरों के गांवों की ओर आ जाने से मानव–वन्यजीव संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वन विभाग की ओर से चलाया जा रहा फायर कंट्रोल तंत्र ज़मीनी स्तर पर प्रभावी नहीं दिख रहा है और कई स्थानों पर आग समय रहते नियंत्रित न होने से बड़े क्षेत्रों का जंगल खाक हो रहा है। उन्होंने मांग की कि जिलाधिकारी वन विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर प्रभावी अग्नि नियंत्रण योजना लागू करें और लापरवाह अधिकारियों–कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें।ज्ञापन देने वालों में मौके पर उमेश पाण्डेय, रंजीत रावत, दीपक लोहुमी, भारत सिंह फर्शवाण, दिग्विजय फर्शवाण, ललित जोशी,पूरन परिहार, अर्जुन राणा आदि मौजूद रहे..





