एक दिन शेष : पंचायत चुनाव

एक दिन शेष तय हो जाएँगे जनपद के तीनों विकास खंड के ब्लाक प्रमुख और जिले का जिला पंचायत अध्यक्ष.

बीजेपी अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत के प्रति पूर्ण रूप से आश्वस्त दिख रही है तो वहीं कांग्रेस भी अंदर खाने जीत कर आए सदस्यों को घेर रही है . दाल भात, चाय पानी के साथ राजनैतिक समीकरणों को साधने की मुहिम जारी है . दोनों दलों के नेताओं की हाई तवाई देख कर लग रहा है कि जनपद बागेश्वर की राजनीति देहरादून तक असर तो करती है . सूत्रों की मानें तो बीजेपी 25 से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्यों के समर्थन का दावा कर रही है. वहीं कांग्रेस भी चुपके चुपके अपने समर्थकों के साथ भाग दौड़ में व्यस्त है . कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता कहते हैं कि हाई कमान ने ऐसी हाई तवाई चुनाव के वक्त की होती और अपने समर्थित प्रत्याशियों को मजबूत किया होता तो आज उनके लिए चुनाव आसान हो जाता.

लेकिन पंचायत चुनाव में राष्ट्रीय राजनीति दलों के साथ स्थानीय छत्रपों का भी दबदबा रहता है. ब्लॉक प्रमुख हेतु कांग्रेस समर्थित देवेन्द्र परिहार पुराने नेता हैं . छात्र राजनीति से जिला पंचायत उपाध्यक्ष तक का अनुभव रखते हैं साथ में पूर्व विधायक ललित फर्सवान का राजनीतिक अनुभव भी उनके साथ है तो अब मुकाबला एक फील्ड पर आता दिखता है .

बीजेपी सत्ता में है दो दर्जा मंत्री, दो विधायकों की ताक़त के साथ सधा हुआ चुनाव प्रबंधन और मजबूत संगठन बीजेपी को जीत दिलाने में मददगार साबित होता रहा है . इस बार प्रदेश में चार निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं.

बावजूद इसके बागेश्वर जनपद से जिला पंचायत की निर्वाचित सदस्या हेमलता के अचानक मौन हो जाने से जिला पंचायत अध्यक्ष की लड़ाई नंबर गेम में बदलती दिखने लगी है . लोकल यूट्यूब चैनलों ने तो अपनी खबरों में  जीत कर आई सदस्या के अंडरग्राउंड होने की बात भी कह डाली . विगत दो दिन पूर्व गरुड़ से बीजेपी के असंतुष्ट कार्यकर्ताओं की इस्तीफ़े वाली चिट्ठी भी खूब वायरल हुई लेकिन दोपहर तक बीजेपी के दर्जा मंत्री ने अथक प्रयासों के बाद कार्यकर्ताओं को मनाया गया और वायरल इस्तीफ़ा पत्र को फ़र्ज़ी करार देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हैं . संख्या बल समर्थन उनके पास उपयुक्त है. इस आधार पर वे ब्लॉक और जनपद में सरकार बना रहे हैं.

पंचायत चुनाव 2025 इस बार दर्जा मंत्री और पूर्व विधायक  कपकोट दोनों के लिए साख का सवाल रहा है . अब आगामी 14 अगस्त को तीन बजे तक स्थिति साफ़ हो जाएगी . हाई वोल्टेज पंचायत चुनाव परिणाम का एक दिन और शेष है . तब तक लगाइए अनुमान और कीजिए इत्मीनान से इंतज़ार.

Recent Posts