कांडा में मेडिकल स्टोरों की मनमानी

विपिन जोशी …..

मानकों को तांक पर रख बेची जा रही हैं दवाएं. बिना लाइसेंस देख रहे हैं मरीज। 

आम जन के लिए स्वास्थ्य सेवाएं अच्छी हो और उनको मेडिकल स्टोर से मानकों के अनुरूप दवाएं मिल सके इसके लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार माह में दो दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण, जागरूकता गोष्ठी आयोजित की जाती है। इसी क्रम में दिनांक 29.07.2025 को जनपद बागेश्वर के तहसील काण्डा क्षेत्रान्तर्गत स्थित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तहसील काण्डा व घिंघारूतोला में भारी अनियमितता पाई गई। यहां कुछ मेडिकल स्टोर कीपर बिना लाईसेंस के दवाई बिक्री करते हुए पाए गए तथा मेडिकल स्टोर में इंजेक्शन व ड्रिप इधर-उधर अव्यवस्थित पाई गई।  मरीज को देखने के लिए बेड लगाये हुए पाये गये। इस सम्बन्ध में मेडिकल स्टोर के संचालकों के द्वारा बताया गया कि वे मरीजों को नियमित रूप से देखते आ रहे हैं। जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि उनके पास मरीज की जांच करने देखने की कोई डिग्री नहीं है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घिंघारूतोला स्थित मेडिकल स्टोरों में सी0सी0टी0वी0 कैमरा भी नहीं लगाया गया है तथा उक्त मेडिकल स्टोर में कुछ जगहों पर एक्सपायर दवाईयां भी पाई गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त फर्म में बिल कैश मैमो नहीं बनाया गया है। इस सम्बन्ध में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर द्वारा मुख्य चिकित्साधिकारी, बागेश्वर तथा औषधि निरीक्षक, बागेश्वर को नियमानुसार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

निरीक्षण के दौरान मौके पर अनीता कुमारी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बागेश्वर, डाॅ0 देवी प्रसाद शुक्ला,  पूजा रानी, औषधी निरीक्षक, बागेश्वर एवं बागेश्वर पुलिस विभाग की टीम उपस्थित थी।