विपिन जोशी, स्वर स्वतंत्र
एक ओर सरकार ने उत्तराखण्ड की पांच लाख बैणी भुलियों के लिए आर्थिक मदद की योजना लागू की है गांव से शहर तक होर्डिंग पटे हैं दूसरी ओर कर्णप्रयाग से आ रही है बेहद दिलचस्प खबर.
सिस्टम की अनदेखी से आजिज ग्रामीणों ने खुद उठाई कुदाल, रास्ते में प्रसव के बाद श्रमदान से शुरू किया सड़क निर्माण
कर्णप्रयाग (चमोली): उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की जमीनी हकीकत एक बार फिर सामने आई है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत गनोली के मोली (मौली) तोक में सड़क मार्ग न होने के कारण एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा की हालत में करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने रास्ते में बच्चे को जन्म दे दिया। इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने अब खुद ही अपने गांव तक सड़क बनाने का बीड़ा उठा लिया है।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ग्राम पंचायत गनोली के मोली तोक निवासी 24 वर्षीय गर्भवती महिला गायत्री देवी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। गांव तक सड़क न होने के कारण एंबुलेंस या कोई अन्य वाहन वहां नहीं पहुंच सकता था। मजबूरन परिजन और ग्रामीण महिला को पैदल ही मुख्य सड़क मार्ग (गैन-कांचुला-सैंजकट्टा मोटर मार्ग क्षेत्र) की ओर लेकर चल पड़े, ताकि वहां से वाहन के जरिए उसे अस्पताल पहुंचाया जा सके।
खड़ी चढ़ाई और पथरीले रास्तों पर कुछ दूर चलने के बाद महिला की पीड़ा असहनीय हो गई और वह आगे चलने में असमर्थ हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए साथ चल रही गांव की महिलाओं ने रास्ते में ही सुरक्षित स्थान देखकर प्रसव कराया। गनीमत रही कि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहे, जिसके बाद ग्रामीण उन्हें वापस गांव ले आए।
प्रशासन के दावों से टूटा भरोसा, खुद शुरू किया निर्माण
इस घटना ने पूरे क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मोली तोक के ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने तोक को मुख्य मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन हर बार केवल कोरा आश्वासन ही मिला। गर्भवती महिला के साथ हुई इस घटना ने ग्रामीणों के सब्र का बांध तोड़ दिया।
घटना के अगले ही दिन गांव के युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं ने एक बैठक की और तय किया कि अब वे सरकार या प्रशासन का इंतजार नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और श्रमदान से गांव तक सड़क कटिंग का काम शुरू कर दिया है। सुबह से ही ग्रामीण फावड़ा, कुदाल और सब्बल लेकर पहाड़ काटकर रास्ता बनाने में जुट गए हैं।
कर्णप्रयाग विकासखंड के र्वेंठा, मौली और आसपास के गांवों के लोगों ने बृहस्पतिवार से श्रमदान कर सड़क बनानी शुरू कर दी। ग्रामीण ढोल-दमाऊं के साथ काम पर पहुंचे। इनमें 50 से अधिक महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल रहे।
डोंठला, गनोली, र्वेंठा, मौली, रोलजुवाड़ी, गैन और सजंकटा गांवों के लिए कांचुला-गैन-सजंकटा मोटर मार्ग को वर्ष 2006 में मंजूरी मिली थी। ग्राम प्रधान कुसुम पुंडीर, अवतार सिंह और राजेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2018 में सड़क के लिए वन अधिनियम की मंजूरी भी मिल गई थी। इसके बाद कांचुला से गनोली के पास तक करीब ढाई किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ।
हालांकि, गनोली से मौली और गैन तक तीन किलोमीटर से अधिक सड़क अब तक नहीं बन पाई है। इसी अधूरे हिस्से के कारण ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मांग को लेकर वे लंबे समय से विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। प्रशासन और विभाग को चेतावनी देने के बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। ऐसे में उन्होंने खुद ही सड़क बनाने का फैसला किया।
ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए वे लगातार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करते रहे। कई बार अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रखी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग और प्रशासन उनकी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं, तो वे खुद श्रमदान कर सड़क बनाने को मजबूर हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे या पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचाना बेहद जोखिम भरा होता है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मोली तोक तक सड़क नहीं पहुंच जाती, उनका यह श्रमदान जारी रहेगा। साथ ही, उन्होंने प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि जल्द ही शासन स्तर से सड़क निर्माण की स्वीकृति और बजट जारी नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।


















