Home » ताजा खबरें ​ » पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हालात बेहद चुनौतीपूर्ण

पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हालात बेहद चुनौतीपूर्ण

पवाणी अग्निकांड के बाद की तस्वीर: राख और मलबे के बीच खुले में खाना खाने को मजबूर लोग, 58 परिवारों को राहत का इंतजार

उत्तरकाशी/मोरी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हालात बेहद चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। आग ने गांव के 33 से अधिक मकानों को जलाकर राख कर दिया, जिससे 58 परिवार बेघर हो गए हैं। अब गांव से सामने आ रही तस्वीरें बता रही हैं कि छत और गृहस्थी गंवा चुके लोगों के सामने रोजमर्रा की जिंदगी चलाने और ठंड से बचने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

जहां घर थे, वहां अब पत्थरों और मलबे का ढेर

मंगलवार को लगी भीषण आग ने पवाणी गांव के कई हिस्सों को बुरी तरह प्रभावित किया है। गांव से आई तस्वीरों में आग से हुई तबाही साफ देखी जा सकती है। कई मकान पूरी तरह जल चुके हैं और कई जगहों पर मकानों की पहचान तक करना मुश्किल हो रहा है। जहां कभी लोगों के आशियाने और रोजमर्रा का सामान था, वहां अब केवल पत्थर, मलबा और जले हुए अवशेष नजर आ रहे हैं।

खुले में बैठकर भोजन करते लोग, बढ़ी ठंड की चुनौती

अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, कपड़े और आश्रय की व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या बन गई है। सामने आई तस्वीरों में लोग जले हुए मकानों और पत्थरों के बीच खुले में बैठकर खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में बढ़ती ठंड के बीच छतविहीन परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आने वाले दिनों में गांव में बर्फबारी की संभावना को देखते हुए हालात और संवेदनशील हो सकते हैं।

58 प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद की दरकार

आग की लपटें भले ही बुझ गई हों, लेकिन प्रभावित 58 परिवारों के लिए जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाना आसान नहीं है। घर के साथ अंदर रखा सामान जल जाने से लोगों के सामने खाने-पीने की सामग्री से लेकर गर्म कपड़ों और सुरक्षित रहने की जगह तक की जरूरत है। स्थानीय स्तर पर प्रभावित परिवारों को जल्द ठोस राहत और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग उठ रही है।

रिपोर्ट – विपिन जोशी, स्वर स्वतंत्र

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *