Home » एजुकेशन » छात्रसंघ चुनाव कल : पुलिस मुस्तैद

छात्रसंघ चुनाव कल : पुलिस मुस्तैद

विपिन जोशी..

छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने हेतु पुलिस मुस्तैद; पुलिस उपाधीक्षक ने ब्रीफिंग कर दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा  के निर्देशानुसार दिनांक 29.09.2026 को डिग्री कॉलेज बागेश्वर में होने वाले छात्रसंघ निर्वाचन-2026 को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस पुरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज कोतवाली बागेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर  अजय साह द्वारा निर्वाचन सुरक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग ली गई।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए गये।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान लिंगदोह कमेटी के सभी मापदंडों और गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

छात्रसंघ चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए *मुख्य चौराहों, पुलिस बैरियरों और कॉलेज के प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिस टीमें पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। कॉलेज परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले संदिग्धों की प्रभावी चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए *पुलिस की मोबाइल टीमें अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में लगातार गश्त पर रहेंगी।

कॉलेज के पास बनाए गए ‘जीरो जोन’ के भीतर छात्रों अथवा किसी भी बाहरी व्यक्ति के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।  कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनावश्यक भीड़ को बिल्कुल भी जमा नहीं होने दिया जाएगा, जिससे किसी भी अप्रिय घटना या विवाद की संभावना को रोका जा सके। यातायात डाइवर्जन ड्यूटी पर तैनात कर्मी वाहनों को लगातार मोबिलाइज रखेंगे। सड़कों पर अनावश्यक वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी, ताकि आम जनता को ट्रैफिक जाम से न जूझना पड़े।

ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समयानुसार अपने-अपने प्वाइंट्स पर पहुंचेंगे और अत्यंत सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

चुनाव के बाद मतगणना केंद्र पर तैनात पुलिस बल पूरी तरह शांति व्यवस्था बनाए रखेगा, ताकि परिणाम घोषित होने के समय किसी भी प्रकार के अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

बागेश्वर पुलिस  छात्रसंघ निर्वाचन को एक उत्सव की तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और किसी भी अराजक तत्व से सख्ती से निपटने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *