अल्मोड़ा: हवालबाग के उडयूडा में बारिश बनी आफत, मलबे में दबकर दो महिलाओं और मासूम की मौत
विशेष रिपोर्ट
विपिन जोशी
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में जारी मूसलाधार बारिश आफत बनकर टूट रही है। अल्मोड़ा जिले में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। हवालबाग ब्लॉक के उडयूडा गांव में आज सुबह पहाड़ी से अचानक आए मलबे की चपेट में एक आवासीय मकान आ गया। इस हादसे में घर के भीतर मौजूद दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मलबे में दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF), जिला आपदा प्रबंधन टीम और स्थानीय पुलिस बल तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। भारी बारिश और दुर्गम परिस्थितियों की परवाह किए बिना राहत दलों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे को हटाकर तीनों शवों को बाहर निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।
मामले की पुष्टि करते हुए सोमेश्वर तहसीलदार नेहा धपोला ने दूरभाष पर बताया कि भारी बारिश के कारण मकान के ऊपर अचानक आए मलबे में दबने से दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौत हुई है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और राहत कार्य पूरी तत्परता से चलाए जा रहे हैं।
क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से अन्य संवेदनशील इलाकों में भी खतरे की आशंका बढ़ गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।


















