Home » बड़ी खबर » भारी बारिश से घेटी में मकान ध्वस्त

भारी बारिश से घेटी में मकान ध्वस्त

भारी बारिश से घेटी में मकान ध्वस्त, 7 सदस्यीय परिवार ने भागकर बचाई जान

​घेटी (गरुड़): स्वतंत्रता दिवस की रात क्षेत्र में हुई भारी बरसात के कारण घेटी गांव में बड़ा हादसा टल गया। 15 अगस्त की रात लगभग 11:30 बजे दिनेश कुमार पुत्र धर्म राम का रिहाइशी मकान अचानक ध्वस्त हो गया। गनीमत यह रही कि समय रहते खतरे को भांपकर पूरे परिवार ने घर से बाहर भागकर अपनी जान बचा ली।

​रात के अंधेरे में मची अफरा-तफरी

घटना के वक्त घर में दिनेश कुमार की 52 वर्षीय दिव्यांग बहन विमला देवी और तीन बच्चों समेत कुल सात सदस्य मौजूद थे। पीड़ित दिनेश कुमार ने बताया कि रात को तेज बारिश के दौरान उन्हें घर की पिछली दीवार से पत्थर और मिट्टी गिरने का आभास हुआ। अनहोनी की आशंका होते ही वे तुरंत बच्चों और परिजनों को सुरक्षित बाहर ले आए। देखते ही देखते मकान भरभराकर ढह गया।

​घर का जरूरी सामान मलबे में दबा

मकान अचानक गिरने के कारण पीड़ित परिवार अपने घर का आवश्यक सामान और गृहस्थी की चीजें बाहर नहीं निकाल सका। दिनेश कुमार की पत्नी चना देवी ने बताया, “15 अगस्त की रात हमने सिर्फ किसी तरह अपनी जान बचाई। हमारा सारा सामान घर के अंदर मलबे में जस का तस फंसा हुआ है। फिलहाल हम देवर के घर के एक छोटे से कमरे में शरण लिए हुए हैं।”

​पटवारी ने किया मौका मुआयना

घटना की सूचना मिलने पर 16 अगस्त को राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) ने गांव पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। ग्राम प्रधान अशोक वर्धन ने बताया कि 15 अगस्त की रात बारिश के कारण दिनेश कुमार का घर ध्वस्त हुआ है। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन कर लिया है।

​वर्तमान में दिनेश कुमार का 7 सदस्यीय परिवार अपने छोटे भाई रमेश राम के घर में रहने को मजबूर है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और पुनर्वास की मांग की है।

— निशा रानी, तहसीलदार (गरुड़)

“बरसात के कारण विभिन्न क्षेत्रों से आवासीय मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचनाएं मिल रही हैं। आपदा मानकों के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजे की कार्यवाही की जाएगी।”

​रिपोर्ट: विपिन जोशी

(संपादक – स्वर स्वतंत्र)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *