पय्या-दाबू, हड़ाप मार्ग के भूमि पूजन से गरुड़ के अंतिम गांव में खुशी की लहर, ढोल-नगाड़ों से हुआ अतिथियों का स्वागत.
विपिन जोशी
गरुड़ (बागेश्वर)
विकासखंड गरुड़ के दूरस्थ क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत पय्या से बाबू हड़ाप तक बनने वाले मोटर मार्ग (स्टेज-I एवं II) का विधिवत भूमि पूजन सम्पन्न हो गया है। लगभग ₹15 करोड़ 29 लाख 78 हजार की स्वीकृत राशि से बनने वाले इस 9.50 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के अंतिम गांव तक सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों का ग्रामीणों ने पारंपरिक और भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, PMGSY अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष व दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, गरुड़ के ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा और विधायक प्रतिनिधि भास्कर दास शामिल रहे।
विकासखंड के सीमांत गांव तक सड़क पहुंचने की खबर से ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट, सांसद अजय टम्टा और बागेश्वर की विधायिका पार्वती दास का आभार जताया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने, आवागमन को सुलभ बनाने और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि व रोजगार के नए अवसर खोलने में मील का पत्थर साबित होगी।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंडल सिंह राणा, डॉ. गोपाल किरमोलिया, जे.सी. आर्य, मोहन सिंह, मनोज कुमार, अनिता आर्य, धनुली देवी, स्थानीय ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



















