प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घेटी में हुआ कायाकल्प एक्सटर्नल असेसमेंट
बागेश्वर, 19 मई 2026।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कायाकल्प कार्यक्रम के तहत दिनांक 19 मई 2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घेटी में जिला क्वालिटी एश्योरेंस कमेटी की 2 सदस्यीय टीम द्वारा एक्सटर्नल असेसमेंट किया गया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, रोगी सुविधाएं, दवा प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण एवं गुणवत्ता मानकों का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
असेसमेंट टीम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम मनोज कुमार पुरोहित तथा ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम नीरु साह शामिल रहे। टीम द्वारा चिकित्सालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करते हुए कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित समस्त मानकों की गहन समीक्षा की गई।
कायाकल्प मूल्यांकन के अंतर्गत चिकित्सालय में अस्पताल की साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था, हाथ स्वच्छता, बायो मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन, मरीजों हेतु शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था, दवा एवं उपकरण प्रबंधन, प्रसव कक्ष एवं उपचार कक्ष की गुणवत्ता, ऊर्जा संरक्षण, सुरक्षा मानक, रिकॉर्ड संधारण तथा मरीज संतुष्टि जैसे बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। टीम ने चिकित्सालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निर्धारित मानकों पर खरा उतरने पर चिकित्सालय को कायाकल्प योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा गौरव पांगती, वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी कैलाश कोहली, बी जी गोस्वामी,नर्सिंग अधिकारी सरिता कुमारी, धर्मेंद्र रतूड़ी, सीएचओ स्वाति वर्मा, एएनएम अनीता आर्या सहित चिकित्सालय के अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।


















