Home » जीवन शैली » 90 वर्षीय जानकी देवी ने ली अंतिम सांस

90 वर्षीय जानकी देवी ने ली अंतिम सांस

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय लक्ष्मी दत्त काण्डपाल की 90 वर्षीय धर्मपत्नी जानकी देवी का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
गरुड़ (बागेश्वर):
जनपद के गरुड़ ब्लॉक से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोहारचोरा निवासी और प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय लक्ष्मी दत्त काण्डपाल की धर्मपत्नी श्रीमती जानकी देवी का शनिवार रात्रि लगभग 11 बजे निधन हो गया है। उनके निधन की सूचना से पूरे कत्यूर घाटी और जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, जानकी देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनका उपचार टीट बाजार में किया जा रहा था, जहाँ बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके पौत्र ललित काण्डपाल ने इस हृदयविदारक घटना की जानकारी साझा की।
एक प्रतिष्ठित और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से जुड़ी होने के कारण जानकी देवी का समाज में गहरा सम्मान था। उन्हें एक अत्यंत सरल, मृदुभाषी और मर्यादित व्यक्तित्व के रूप में जाना जाता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका जाना न केवल काण्डपाल परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
आज सरयू घाट पर दी जाएगी अंतिम विदाई
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जानकी देवी की पार्थिव देह को आज, 3 मई को अंतिम विदाई दी जाएगी। उनकी अंतिम यात्रा लोहारचोरा से प्रस्थान करेगी और दिन में 12 बजे बागेश्वर स्थित पवित्र सरयू घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। इस दौरान भारी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों के जुटने की संभावना है।
शोकाकुल परिवार के प्रति ‘स्वर स्वतंत्र’ परिवार अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को यह असीम कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *