लैब टेक्नीशियनो का उत्पीड़न : सूरते हाल

विपिन जोशी…

बागेश्वर : चारधाम यात्रा ड्यूटी में लैब टेक्नीशियनों के उत्पीड़न पर रोष; विषम परिस्थितियों में बार-बार ड्यूटी लगाने का विरोध
अल्मोड़ा, 17 मार्च 2026: उत्तराखण्ड मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन, जनपद अल्मोड़ा ने आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को ज्ञापन सौंपकर चारधाम यात्रा ड्यूटी के आवंटन में हो रही भारी अनियमितताओं और पिछले वर्ष के लंबित भुगतान पर कड़ा विरोध दर्ज किया।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष देवेन्द्र दोसाद और जिला सचिव महेन्द्र बिष्ट ने कहा कि विभाग द्वारा ड्यूटी का वितरण अत्यंत दोषपूर्ण है। कई लैब टेक्नीशियनों की ड्यूटी एक ही सत्र में 2 से 3 बार लगा दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पहाड़ों की भौगोलिक स्थिति और विषम परिस्थितियों में एक ही कर्मचारी का बार-बार इतनी लंबी दूरी तय करना और दुर्गम क्षेत्रों में आवाजाही करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। यह न केवल कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न है, बल्कि ड्यूटी वितरण की पारदर्शिता पर भी सवाल उठाता है।
संगठन की प्रमुख मांगें:
न्यायसंगत आवंटन: जिन कर्मियों की ड्यूटी 2-3 बार लगाई गई है, उसे तुरंत संशोधित कर अन्य जनपदों के कर्मियों को अवसर दिया जाए। साथ ही, इस वर्ष अल्मोड़ा जनपद को रुद्रप्रयाग के स्थान पर चमोली आवंटित किया जाए।
लंबित भुगतान: पिछले वर्ष का टी.ए./डी.ए. भुगतान न होने से अल्प वेतनभोगी कर्मचारी आर्थिक तंगी झेल रहे हैं। विभाग अविलंब इसका भुगतान करे।
निश्चित समय सीमा: इस वर्ष की ड्यूटी का भुगतान कार्य समाप्ति के 2-3 माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष देवेन्द्र दोसाद, जिला सचिव महेन्द्र बिष्ट, जिला प्रवक्ता विनोद बिष्ट, के.डी. तिवारी, एन.के. सकलानी, प्रमोद जोशी सहित संगठन के कई सदस्य शामिल रहे। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Recent Posts