Home » बड़ी खबर » किसका बिगड़ेगा गणित कौन पड़ेगा भारी

किसका बिगड़ेगा गणित कौन पड़ेगा भारी

गरुड़ जिला पंचायत सदस्य शीटों पर घमासान तेज हो गया है। जिला पंचायत सदस्य शीट मन्यूडा, दुदिला, अणा, कौसानी में सबकी नजरें टिकी हुई हैं। इन शीटों पर मुकाबला अब त्रिकोणीय हो चला है। शुरू में राष्ट्रीय दलों के समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा लग रहा था लेकिन बीते तीन चार दिनों में चुनावी गणित बदलती नजर आ रही है। सभी प्रत्याशी पूरे जोश के साथ जनता दरबार में नतमस्तक हैं तो स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी राष्ट्रीय दलों की नीद उड़ाए हुए हैं। दुदिला जिला पंचायत शीट पर स्वतंत्र प्रत्याशी हीरा सिंह नेगी ने अपने बेबाक अंदाज से वोटरों को आकर्षित किया है तो कांग्रेस समर्थित शंकर दत्त जोशी अपनी सादगी से वोट बटोरने में जुटे हैं उनके साथ खड़े हैं पूर्व विधायक ललित फर्सवान। सुबह सवेरे मॉर्निंग वॉक करते हुए ग्रामीणों से मिलना और वोट मांगना इनकी दिन चर्या का हिस्सा है। वहीं बीजेपी समर्थित जनार्दन लोहनी पूर्व जिला पंचायत सदस्य अपनी जीत दोहराने के लिए आश्वस्त दिख रहे हैं। लोहनी के समर्थन में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट भी शामिल हैं। राष्ट्रीय पार्टियों के दो दिग्गज नेताओं की साख जनपद स्तर पर फिलहाल दांव पर लगी है।

जिला पंचायत की इन शीटों पर घमासान होना तय है। पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के हौसले बुलंद हैं तो स्वतंत्र प्रत्याशी भी फुल जोश में हैं। मन्यूडा शीट से भाजपा समर्थित दीपक खुलवे और कांग्रेस समर्थित गोकुल परिहार में मुकाबला बन रहा था लेकिन अब अन्य प्रत्याशियों ने भी जान लगा दी है तो इस शीट पर भी मुकाबला रोचक होगा। स्वतंत्र प्रत्याशियों ने नया नैरेटिव गढ़ना शुरू कर दिया है, वे कहने लगे हैं कि सत्ता में रहते हुए क्या किया अपना ही विकास किया जमीनी विकास किया होता तो दिखता भी।
राजनैतिक पंडितों की मानें तो परिणाम दिलचस्प हो सकते हैं। पिंगलों से 2 उम्मीदवार मैदान में हैं बीजेपी समर्थित शारदा देवी, कांग्रेस समर्थित पूर्व जिला पंचायत सदस्य मन्यूडा, रूपा कोरंगा। यहां सीधी टक्कर दोनों प्रत्याशियों में है। चुनावी गर्मी के तापमान को दुदिला जिला पंचायत शीट ने बढ़ा दिया है। दुदिला शीट से 4 प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस समर्थित शंकर दत्त जोशी । बीजेपी समर्थित जनार्दन लोहनी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, स्वतंत्र प्रत्याशी हीरा सिंह नेगी, कृष्णा भंडारी
जिला पंचायत शीट अणा ने राजनीति के पंडितों को भी असमंजस में डाल दिया है। अणा शीट से बीजेपी ने सुनील दोसाद पर भरोसा जताया तो कांग्रेस ने पूर्व प्रधान हरीश जीना को मौका दिया कांग्रेस का दामन थाम चुके कुछ नए सदस्यों ने भी टिकट की गुहार लगाई पर कांग्रेस ने पुराने कार्यकर्ताओं को महत्व दिया। अणा शीट में फिलहाल सुनील दोसाद, हरीश जीना, भास्कर बोरा में त्रिकोणीय मुकाबला दिख रहा है। अपने समर्थित प्रत्याशियों के लिए दोनों राष्ट्रीय दलों ने दम लगा रखा है।
कौसानी जिला पंचायत शीट में मुख्य मुकाबला बीजेपी समर्थित बहादुर सिंह कोरंगा और कांग्रेस समर्थित बलवंत नेगी में है। कौसानी क्षेत्र से बलवंत नेगी फिलहाल रेस में आगे दिख रहे हैं, उनका जनाधार और सामाजिक कार्य की छवि वोट में कितना तब्दील होगी ये वक्त बताएगा, फिलहाल चुनावी माहौल में प्रति दिन जनता का मन बदलने से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। फाइनल आंकड़ों पर सबकी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *