उत्तराखंड राज्य खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा: अभिनव देशवाल को खेल रत्न, गरुड़ पिंगलो की ममता खाती को मिलेगा हिमालय रत्न पुरस्कार.
विपिन जोशी, स्वर स्वतंत्र
देहरादून/बागेश्वर। उत्तराखंड शासन ने वर्ष 2025 के लिए राज्य के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। देश और दुनिया के खेल मंचों पर उत्तराखंड का तिरंगा लहराने वाली गरुड़ (बागेश्वर) की होनहार बेटी और उत्तराखंड पुलिस की महिला जवान ममता खाती के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। शासन द्वारा घोषित राज्य खेल पुरस्कार 2025 में ममता खाती को ‘हिमालय रत्न खेल पुरस्कार’ देने का ऐलान किया गया है। मॉडर्न पेंटाथलॉन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली ममता खाती को आगामी 29 अगस्त को हल्द्वानी में आयोजित होने वाले भव्य राज्यस्तरीय समारोह में इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। पिंगलो गाँव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाली ममता की इस उपलब्धि से पूरे बागेश्वर जिले और गरुड़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
खेल निदेशालय और चयन समिति की संस्तुति पर शासन ने देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, हिमालय रत्न खेल पुरस्कार, द्रोणाचार्य पुरस्कार और लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए चयनित खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की सूची जारी की है। विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा द्वारा इस संबंध में स्वीकृति पत्र जारी किया गया है।
पुरस्कारों की घोषणा से बागेश्वर जिले के गरुड़ क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। गरुड़ पिंगलो की प्रतिभावान खिलाड़ी सुश्री ममता खाती को मॉडर्न पेंटाथलॉन (टीम स्पर्धा) में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘हिमालय रत्न खेल पुरस्कार’ से नवाजा जाएगा। ममता खाती की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र और जिले का मान बढ़ाया है।
ममता की इस कामयाबी पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नागरिक संगठनों ने हर्ष प्रकट किया है. दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक ललित फर्शवान, नरेन्द्र बिष्ट, गिरीश कोरंगा ने ममता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की.
सुश्री ममता खाती उत्तराखंड पुलिस विभाग में बतौर महिला आरक्षी (कॉन्स्टेबल) तैनात हैं। उनको अब तक इन प्रमुख पदक एवं पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है.
वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 (अमेरिका): 1 स्वर्ण (Gold) और 5 रजत (Silver) पदक।
38वें राष्ट्रीय खेल (National Games): मॉडर्न पेंटाथलॉन में 3 स्वर्ण (Gold) पदक (इंडीविजुअल, मिक्सड रिले और लेसर रन टीम इवेंट में)।
13वीं राष्ट्रीय मॉडर्न पैंटाथलॉन चैंपियनशिप: कांस्य (Bronze) पदक।
सम्मानित होने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की पूरी सूची:
देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार
श्री अभिनव देशवाल (शूटिंग) – ए2 ऑर्किड ग्रीन सोसाइटी, ओम विहार, दिल्ली रोड, रुड़की।
हिमालय रत्न खेल पुरस्कार
सुश्री ममता खाती (मॉडर्न पेंटाथलॉन – टीम स्पर्धा) – ग्राम व पोस्ट पिंगलो, गरुड़, बागेश्वर।
श्री सक्षम प्रताप सिंह (मॉडर्न पेंटाथलॉन – टीम स्पर्धा) – शिवालिक कॉलोनी, कुंडेश्वरी, काशीपुर, उधमसिंह नगर।
श्री शौर्य सैनी (शूटिंग – दिव्यांग/विकलांग) – 347/2, नेहरू नगर, रुड़की, हरिद्वार।
सुश्री खुशी चन्द (बॉक्सिंग) – पो० बडालू, पिथौरागढ़।
देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार (प्रशिक्षक)
श्री मुकेश शर्मा (रोइंग) – ग्राम बद्रीपुर, पो०ओ० धर्मावाला, विकासनगर, देहरादून।
लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार
श्री मुकेश चंद बेलवाल (बॉक्सिंग) – भगवानपुर जयसिंह, पो०ओ० हरिपुर नायक, हल्द्वानी, नैनीताल।

















